बलौदाबाजार-भाटापारा , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के माइंस क्रेशर में मंगलवार को हादसे में एक श्रमिक मनोज साहू (37) की मौत हो गई।
पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार सकलोर निवासी मनोज साहू कंपनी में क्रेशर अटेंडर के पद पर कार्यरत था। कल शाम करीब पांच बजे वह काम के दौरान कन्वेयर बेल्ट की जांच कर रहा था। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया। घटना के बाद मनोज को रामपुर स्थित नारायणन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनोज की मौत कंपनी परिसर में ही हो गई थी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक लोग कंपनी के गेट के बाहर एकत्र हो गए। सुहेला थाना प्रभारी प्रमोद सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच मुआवजे एवं अन्य मांगों को लेकर बातचीत हुई।
बातचीत में मृतक के परिवार को 46 लाख रुपए मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। इस बीच श्रमिकों और ग्रामीणों ने कंपनी में सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि काम के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित