अलीराजपुर , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के उदयगढ़ थाना क्षेत्र के ताती अंबा गांव के पूजा फलिया में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। करीब पांच दिन से लापता रामा वाकला का शव उसके ही घर के पीछे बने कमरे में रेत में दबा मिला। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी नाहुडबाई को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का बेटा राहुल अपने पिता रामा के करीब पांच दिनों से दिखाई नहीं देने पर चिंतित था। उसने अपनी मां से पिता के बारे में पूछताछ की लेकिन जवाबों से उसे संदेह हुआ। इसके बाद उसने घर में तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान घर के पीछे वाले कमरे में रेत के अंदर शव दबा हुआ मिला। इसके बाद राहुल ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर उदयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, जोबट के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित