लखनऊ , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड को अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में 15 बच्चों की मौत से मन व्यथित है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वे केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचे और दुर्घटना में घायल एक बच्ची से मुलाकात कर उसका हालचाल पूछा। उन्होंने कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और अन्य डॉक्टरों से बात कर चल रहे इलाज की जानकारी ली।

श्री शर्मा ने बताया कि केजीएमयू में भर्ती 7 में से 5 बच्चे स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्होंने कहा है कि ईश्वर से प्रार्थना है कि बाकी बच्चों को भी शीघ्र स्वस्थ करें। दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति दें और उनके शोकाकुल परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।

वहीं, योगी सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर ने भी अलीगंज कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग की दुर्घटना को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा, "ईश्वर सभी दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ॐ शान्ति।"गौरतलब है कि सोमवार दोपहर अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई थी और 9 घायल हुए थे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित