अलवर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में अलवर सहित दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने और हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने बुधवार को श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) (ग्रेप)का पहला चरण लागू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली में अपराह्न दो बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 244 और अपराह्न चार बजे 245 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। अलवर में बुधवार को औसत एक्यूआई 105 रहा, लेकिन एनसीआर क्षेत्र में शामिल होने के कारण यहां भी ग्रेप-1 के तहत प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि ग्रेप-1 के तहत निर्माण और तोड़फोड़ वाले स्थानों पर धूल नियंत्रण के उपाय करने, निर्माण सामग्री को ढककर रखने, सड़कों की नियमित सफाई और जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव करने पर जोर रहेगा। खुले में कचरा या अन्य सामग्री जलाने पर रोक की पालना कराई जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) और उद्योगों में उत्सर्जन मानकों की भी निगरानी की जाएगी। नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, निजी वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल कम करने और खुले में कचरा नहीं जलाने का आग्रह किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित