अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर में नौतपा के दौरान लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली।

सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाये रहे, जिसके कारण तेज धूप का असर कम देखने को मिला। दोपहर तक गर्मी जरूर बनी रही, लेकिन लू का असर पहले की तुलना में काफी कम रहा और हवा में हल्की ठंडक महसूस की गयी।

शाम करीब पांच बजे बाद मौसम ने तेजी से बदलाव दिखाया। अचानक तेज हवाएं चलने लगी और बादलों की तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गयी। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट आई और पारा करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले कई दिनों से नौतपा की भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी।

मौसम में आये इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों और पशुपालकों ने भी इसे राहतभरी बारिश बताया। तेज हवाओं के कारण हालांकि कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी भी चली, लेकिन इसके बावजूद मौसम बेहद सुहावना बना रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित