अलवर , अगस्त 20 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में 329 सफाई कर्मियों की भर्ती का मामला एक बार फिर अटक गया है।
नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिये जाने के बावजूद अब तक सेवाग्रहण नहीं करवाया गया है। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नगर निगम पहुंचे और अपनी मांग को लेकर नये निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत कटारा से मुलाकात की।
अभ्यर्थियों ने बताया कि 12 अगस्त को नियुक्ति दी गयी थी, लेकिन अब तक सेवाग्रहण नहीं करवाया गया। इसके बाद से वे सेवाग्रहण करने का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का दावा है कि उनके सभी दस्तावेज पूरे हैं, इसके बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
अभ्यर्थी संजय कुमार ने बताया कि नियुक्ति मिलने के बाद भी काम पर नहीं लेने से वे असमंजस में हैं। उनका कहना है कि सफाई कर्मियों की मांग को लेकर पहले भी आंदोलन हो चुके हैं और वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा भी धरने पर बैठे थे, लेकिन इसके बावजूद अभी तक 329 अभ्यर्थियों के सेवा ग्रहण करने रास्ता साफ नहीं हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित