अलवर , अगस्त 28 -- राजस्थान में अलवर जिलेभर में शुक्रवार को भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया।

सुबह से ही बाजारों और घरों में त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किये। घरों में पूजा-पाठ के बाद मिठाई खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। रक्षाबंधन के मौके पर अलवर में पतंगबाजी का भी खासा उत्साह देखने को मिला। दिनभर आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से अटा रहा। छतों पर बच्चे, युवा और परिवार के लोग पतंग उड़ाते नजर आये। पतंग कटते ही छतों से 'वो काट्या... वो काट्या' की गूंज सुनाई देती रही। कई जगह पतंगबाजी को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया और लोग घंटों तक छतों पर डटे रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित