अलवर , अप्रैल 02 -- राजस्थान में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में गुुरुवार को अलवर शहर में केडलगंज से अकबरपुर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
करीब 20 किलोमीटर लंबी इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। भक्तजन झूमते गाते हुए अकबर पुर हनुमान मंदिर पहुंचे।
कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर भव्य आयोजन किया गया है। अलवर शहर से प्रारंभ होकर श्री बगीची वाले हनुमान जी महाराज जयपुर रोड अकबरपुर वालों की भव्य शोभायात्रा सुबह साढ़े नौ बजे केडलगंज से प्रारम्भ हुई। जो केडल गंज से नगर निगम, घंटाघर, होपसर्कस, कन्ट्रोल रूम, गायत्री मन्दिर रोड, घोडाफेर, ढाई पैडी होते हुए अपराह्न करीब चार बजे श्री बगीची वाले हनुमान जी महाराज अकबरपुर मंदिर प्रांगण पहुंची। यात्रा के बाद वहां 10 हजार भक्तों का भंडारा हुआ ।
यात्रा में आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। शोभायात्रा में गणेश जी की झांकी, रघुवीर ताशा पार्टी, भगवानो की झांकियां, अशोक वाटिका, पांच प्याऊ, पांच डी.जे., धमाल ढोल के अतिरिक्त घंटा घडियाल, तोप से पुष्प वर्षा, दुर्गा बैण्ड, करीब 551 ध्वजों एवं हजारों भक्तों के अलावा वृंदावन के कारीगरों द्वारा सुसज्जित बाबा का रथ था। शोभायात्रा में अलवर के धार्मिक स्थलों से जुडे संत अलग-अलग बग्गियों में विराजमान होकर यात्रा में शामिल हुए।
यह यात्रा करीब 20 किलोमीटर की थी। रास्ते भर में पैदल वाहकों के लिए करीब 40 जगह जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु ध्वज लेकर भक्ति भाव के साथ चलते नजर आए। पूरे मार्ग में "जय श्री राम" और "जय बजरंगबली" के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित