अलवर , जून 21 -- राजस्थान के अलवर जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के प्रसारण से हुई। इसके बाद सुबह सात बजे सामूहिक योगाभ्यास शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर हजारों लोगों ने सामूहिक योग किया। स्टेडियम में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग को नियमित जीवनशैली में अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है तथा "फिट इंडिया" अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने श्री मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरी दुनिया 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है।

श्री यादव ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और तनावमुक्त बनाता है। योग जीवन को समदृष्टि से देखने की प्रेरणा देता है, यह मानवता के लिए भारत का अनमोल उपहार है।

श्री यादव ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि योग दिवस का उद्देश्य केवल एक दिन कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि योग को वर्ष के 365 दिनों की जीवनशैली बनाना है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को निरोग रखने के साथ-साथ मन को भी स्वस्थ और चिंतामुक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश और दुनिया के करोड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योग किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान को भी आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि योग और नशा मुक्ति का यह संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और स्वस्थ, सशक्त तथा जागरूक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री यादव ने शपथ के दौरान युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए 'नशा मुक्त भारत अभियान' को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वयं को नशा मुक्त रखने और परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से दूर रहने के लिये प्रेरित करने का संकल्प लिया।

योग कार्यक्रम के समापन पर श्री यादव और वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, शांति, आनंद और स्वस्थ जीवन के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित