अलवर , अगस्त 15 -- राजस्थान में देश की आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस शनिवार को अलवर में पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया।

शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में देशभक्ति का ऐसा रंग देखने को मिला कि पूरा स्टेडियम भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।

इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में पुलिस एवं विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत करके देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। जवानों की कदमताल और तिरंगे के सम्मान में दी गयी सलामी ने दर्शकों में जोश भर दिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गयीं। झांकियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक सरोकारों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और झांकियों की शानदार सजावट ने लोगों का ध्यान खींचा।

समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी। गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राजस्थान की संस्कृति का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन के जरिए शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया। एक साथ कदमताल और तालमेल के साथ किये गये प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।

समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 प्रतिभाओं एवं संस्थाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मान मिलने पर समारोह स्थल पर उत्साह का माहौल रहा।

समारोह में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान करके उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

मुख्य अतिथि संजय शर्मा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित