अलवर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में अलवर जिले के धौलागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस, साइबर अपराध दल और त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगलादेश के नागरिकों को ब्लैकमेल करने वाले कथित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह वर्ष 2024 से सक्रिय था और अब तक बंगलादेश के करीब 1000 नागरिकों को अश्लील वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल करके एक करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड और दो एयरटेल सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना शालीम खान व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए करीब 20 सदस्यों के नेटवर्क का संचालन करता था। गिरोह के सदस्य फेसबुक पर लड़की के नाम से फर्जी आईडी बनाकर बंगलादेशी नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते और उनसे बातचीत के बाद वीडियो कॉल करते थे। इस दौरान अश्लील वीडियो तैयार करके उसकी रिकॉर्डिंग की जाती थी। बाद में वीडियो को एडिट करके संबंधित व्यक्ति को भेजा जाता और फेसबुक, यूट्यूब या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे जाते थे। बदनामी के डर से कई लोग आरोपियों के झांसे में आकर रकम देने को तैयार हो जाते थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, गिरोह बांग्लादेश में इस्तेमाल होने वाले 'बिकाश' डिजिटल भुगतान ऐप के जरिए रकम मंगवाता था। इसके बाद बंगलादेश में मौजूद कथित सहयोगियों के माध्यम से राशि बैंक खातों और अन्य माध्यमों से आगे भेजी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, रकम निकालने और उसे आरोपियों तक पहुंचाने के लिए नकदी तथा अन्य माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि लेनदेन का पता लगाना मुश्किल हो। इस नेटवर्क में भारत और बंगलादेश के बैंक खातों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, कथित विदेशी संपर्कों और पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पुलिस के अलग दलों ने मुखबिर की सूचना पर उकसी गांव के बांध की पाल पर दबिश दी। यहां से शालीम खान (24), दीनू खान (40), राहुल खान (24) और निजामुद्दीन (19) को पकड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित