अलवर , सितम्बर 09 -- राजस्थान में अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में सर्राफा बाजार में मतदान के दिन पुलिस और सर्राफा कारोबारियों के बीच विवाद के बाद माहौल गरमा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सर्राफा कारोबारी को पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के आरोप के बाद बड़ी संख्या में सर्राफा कारोबारी एकजुट हो गये और त्रिपोलिया क्षेत्र में सड़क पर यातायात अवरुद्ध कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा।

सूत्रों ने बताया कि मतदान करने के बाद सर्राफा कारोबारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर लौटे थे। इसी दौरान कारोबारी दिनेश गुप्ता और पदमचंद गोयल अपनी दुकानों पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उनकी दुकानों के सामने स्कूटर खड़े होने से सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी वहां से निकली और पुलिसकर्मियों ने दो स्कूटी जब्त कर लीं। इसके बाद कारोबारी और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हो गयी।

सर्राफा कारोबारी दिनेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे, तभी एक पुलिसकर्मी ने उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनकी स्कूटी भी जब्त करके अपने साथ ले गये।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सर्राफा कारोबारी मौके पर एकत्रित हो गये। कारोबारियों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए त्रिपोलिया क्षेत्र में सड़क पर यातायात रोक दिया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गयी और मौके पर लोगों की भीड़ हो गयी।

स्वर्णकार सर्राफा व्यवसाय समिति के अध्यक्ष विष्णु सोनी ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक कारोबारी दुकान पर बैठा हुआ था और वह बीमार रहता है, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गयी।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत करके समझाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित