अलवर , फरवरी 24 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में वर्ष 2012 की भर्ती प्रक्रिया में नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज़ सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को निगम परिसर में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने लंबित नियुक्तियों को लेकर नारेबाजी की और शीघ्र समाधान की मांग की। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2012 की भर्ती को लेकर पिछले कई वर्षों से संघर्ष जारी है। करीब 20 दिन पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा से भी मुलाकात की गई थी। मंत्री ने 14 दिन में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए।

उन्होंने बताया कि न्यायालय और डीएलबी (निदेशालय स्थानीय निकाय) के आदेश के बावजूद भी अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है। अज्ञात कारणों के चलते आयुक्त नियुक्ति प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द ही नियुक्ति नहीं दी गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में चयनित सफाईकर्मियों को अब तक नियुक्ति नहीं दी गयी है। वे तभी से इसकी मांग कर रहे हैं। वे वर्तमान में नगर निगम में संविदाकर्मी के रूप में काम कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित