अलवर , अक्टूबर 09 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही।

आज सुबह बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी करके अपना विरोध जताया। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनके हाथों में अनुभव प्रमाण पत्र नहीं सौंपे जाएंगे, तब तक वे सफाई कार्य पर नहीं लौटेंगे।उधर हड़ताल के चलते अलवर शहर में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर संकट गहराने लगा है।

अनुभव प्रमाण पत्र का मुद्दा करीब 900 सफाई कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रमाण पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के चलते उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। जब तक उन्हें अनुभव प्रमाण पत्र हाथ में नहीं मिल जाते, तब तक सफाई कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। इसी जिद के चलते नगर निगम प्रशासन के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों की मांग को देखते हुए नगर निगम में रात करीब एक बजे तक बैठकर करीब 300 अनुभव प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, प्रमाण पत्र तैयार होने और कर्मचारियों को उनके हाथों में सौंपे जाने के बीच का अंतर अब भी विवाद की वजह बना हुआ है। कर्मचारी प्रमाण पत्र मिलने तक आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब प्रमाण पत्र तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो फिर कर्मचारियों और निगम प्रशासन के बीच सहमति क्यों नहीं बन पा रही है।

इस पूरे मामले में यह भी चर्चा है कि सरकार ने भर्ती से संबंधित अपनी विज्ञप्ति में अनुभव प्रमाण पत्र की बाध्यता हटा दी है। इसके बावजूद सफाई कर्मचारी प्रमाण पत्र लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। कर्मचारियों की प्राथमिकता अब भी अपने अनुभव का आधिकारिक दस्तावेज हासिल करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित