अलवर , सितम्बर 09 -- राजस्थान के अलवर में नगर निगम चुनाव में मतदान के दौरान वार्ड नंबर 53 के बूथ नंबर 91 पर ईवीएम खराब होने से करीब दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह सात बजे से ही मतदाता मतदान के लिए पहुंच गये थे, लेकिन ईवीएम शुरू नहीं होने के कारण उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा। पहली ईवीएम खराब होने के बाद दूसरी मशीन मंगायी गयी, लेकिन उसमें भी तकनीकी खराबी सामने आयी और बीप की आवाज नहीं आ रही थी। इससे मतदाताओं में आक्रोश बढ़ गया और करीब दो घंटे तक मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र नरूका ने बताया कि ईवीएम में बीप की आवाज नहीं आ रही थी, जिसे इंजीनियर को बुलाकर ठीक कराया गया है। अब मतदान शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदान से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। सुबह से ही हालांकि केंद्र पर गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। मतदाताओं ने कहा कि वे समय पर पहुंच गये थे, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित