अलवर , अगस्त 18 -- राजस्थान में अलवर जिले के सबसे बड़े राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में इन दिनों मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल में प्रतिदिन करीब चार हजार मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। पिछले करीब एक महीने में मरीजों की संख्या में अचानक एक हजार तक का इजाफा हुआ है। मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

अस्पताल में इन दिनों सबसे ज्यादा मरीज बुखार, जुकाम, खांसी और डेंगू जैसे लक्षणों को लेकर मरीज आ रहे हैं। सुबह से ही मरीज और उनके परिजन अस्पताल की ओपीडी में लंबी कतारों में खड़े नजर आते हैं। भीड़ का आलम यह है कि कई बार अस्पताल परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बचती। मरीजों को चिकित्सक को दिखाने के साथ ही जांच और दवा लेने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। परिसर से बाहर तक लाइन लग रही है।

मरीजों की संख्या बढ़ने से चिकित्सकों पर भी काम का दबाव बढ़ गया है। मरीजों का कहना है कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद नंबर आने में काफी समय लग जाता है और कई बार पूरा दिन अस्पताल में ही निकल जाता है। सरकारी जांच केंद्रों पर भी मरीजों की भारी भीड़ है। अन्य जांचों के लिए भी मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों का आरोप है कि अत्यधिक भीड़ के कारण चिकित्सकों के पास प्रत्येक मरीज को पर्याप्त समय देने का दबाव बना हुआ है।

प्रधान चिकित्साधिकारी (पीएमओ) डॉ. प्रवीण शर्मा और फिजीशियन डॉ. भवानी शंकर ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेडिसिन विभाग में पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध हैं और मरीजों के उपचार के लिए दवाइयों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित