अलवर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोटर साइकिल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें और 10 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी रैकी करके मोटर साइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने गुरुवार को बताया कि छह अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस दल ने अमनदीप सिंह (20) और अजरूदीन (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों के मोटर साइकिलों की चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी की मोटर साइकिलें सात से आठ हजार रुपये में घाटला, बरवाड़ा सहित आसपास के गांवों में अवैध हथकड़ शराब का काम करने वाले लोगों को बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की। उन्हीं के साथ में हथगड़ शराब भी बरामद की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित