अलवर , सितम्बर 10 -- राजस्थान में नगर निगम चुनाव के मतदान के बाद अब अलवर में महापौर और बोर्ड गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गयी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपने पार्षद प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। भाजपा के सभी 65 प्रत्याशियों को गुरुवार को एक बस से अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया है। प्रत्याशियों के मोबाइल फोन भी जमा करा लिये गये हैं और उन्हें कोड नंबर के जरिए सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गयी है। प्रत्याशियों को हालांकि कहां ले जाया गया है, इसका अभी खुलासा नहीं किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अलवर नगर निगम चुनाव प्रभारी और जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने भाजपा की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। श्री बोहरा ने कहा कि भाजपा के सभी 65 प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे और पार्टी का बोर्ड बनना तय है। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर को सर्वसम्मति से भाजपा का महापौर और बोर्ड बनेगा, जबकि 22 सितंबर को उप महापौर का चुनाव होगा।
प्रत्याशियों को एक साथ अज्ञात स्थान पर भेजे जाने और मोबाइल फोन जमा कराने के सवाल पर रामचरण बोहरा ने इसे औपचारिक बाड़ेबंदी मानने से इन्कार करते हुए कहा कि सभी प्रत्याशी अपनी इच्छा से हंसी-खुशी साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि 21 सितंबर को चुनाव और परिणाम के समय सभी प्रत्याशी उपस्थित रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित