अलवर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बोर्ड बनने और भाजपा प्रत्याशी सुमन चौधरी के महापौर निर्वाचित होने के बाद राजस्थान सरकार के वन मंत्री एवं अलवर विधायक संजय शर्मा भावुक हो गये।
चुनाव परिणाम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री शर्मा की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने रुमाल से आंसू पोंछते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि लंबे समय से जुड़ी राजनीतिक भावनाओं से भरा हुआ क्षण है।
भावुक श्री शर्मा ने कहा कि जिस नगर परिषद परिसर में पिछली बार उनके साथ छल और धोखा हुआ था, आज उसी परिसर में भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली बार झूठ, फरेब और गुंडागर्दी के बल पर कांग्रेस ने अपना बोर्ड बनाया था।
उन्होंने कांग्रेस नेता टीकाराम जूली का नाम लेते हुए कहा कि जो लोग अब हल्ला मचा रहे हैं, उनसे वे पूछना चाहते हैं कि पिछली बार जब भाजपा का बोर्ड बन रहा था, तब क्या हुआ था। उनके मुताबिक, उस समय छल-कपट के जरिए भाजपा का बोर्ड बनने से रोका गया था और अब अलवर के पार्षदों एवं जनता ने उसका जवाब दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित