अलवर , जुलाई 02 -- राजस्थान के अलवर जिले में गुरुवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी है। सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा है और पूरे शहर में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से घटकर करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक रह गया, जिससे मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार अलवर क्षेत्र में गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना पहले से जताई गई थी। बारिश का असर केवल शहर तक ही सीमित नहीं रहा। सरिस्का क्षेत्र में भी अच्छी बारिश होने की सूचना है।
सबसे अधिक राहत किसानों को मिली है। जिले में खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य शुरू हो चुका है और ऐसे समय पर हुई यह बारिश खेतों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह वर्षा बाजरा, ज्वार तिल सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई और अंकुरण के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित