अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान में अलवर जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही सर्पदंश घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं।
शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन लोगों को जहरीले सांपों के डसने के बाद गंभीर हालत में अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण सांप अपने बिलों से निकलकर आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र में मिलकपुर गांव निवासी गुरदीप सिंह अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उनके होंठ पर काट लिया। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सामान्य चिकित्सालय भेज दिया गया।
वहीं, राजगढ़ निवासी जगन देवी पत्नी मुकेश मीणा अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक निकले एक कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
इसके अलावा सदर थाना क्षेत्र में चिकानी गांव निवासी रीना देवी को भी जहरीले सांप ने काट लिया। इन तीनों पीड़ितों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। यही वजह है कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में अचानक वृद्धि देखने को मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित