अलवर , जुलाई 13 -- राजस्थान में अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय, अलवर में सोमवार को द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं होने और लेट फीस लगाये जाने के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक कॉलेज परिसर में चले घटनाक्रम के दौरान छात्रों ने अपनी समस्याएं कॉलेज प्रशासन के सामने रखी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकलने पर छात्रों ने नाराजगी जतायी।
छात्रों का कहना है कि विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं हो पा रही है, जिसके कारण वे मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद राज ऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों पर लेट फीस लगा दी गयी है, जबकि फीस समय पर जमा नहीं होने में विद्यार्थियों की कोई गलती नहीं है। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल पत्राचार करके द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की फीस जमा कराने की व्यवस्था कराये जाये और विद्यार्थियों पर लगायी गयी लेट फीस को हटवाया जाये, ताकि उनका शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित