अलवर , मार्च 30 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में सोमवार को फलों की एक दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानी तोप क्षेत्र में आज तड़के करीब चार बजे मोहनलाल के फलों की दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा फल, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना के समय आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत दुकान मालिक मोहनलाल को सूचना दी। उधर सूचना मिलने पर दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने तक दुकान में रखा अधिकतर सामान जल चुका था।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आगजनी में करीब पांच लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित दुकानदार मोहन लाल ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, दूसरी ओर शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित