अलवर , मार्च 27 -- राजस्थान में अलवर के अट्टा मंदिर के सामने मुख्य पोस्ट ऑफिस में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया।
पोस्ट मास्टर रतन लाल मीणा ने शुक्रवार को बताया कि जयपुर पासपोर्ट कार्यालय से मेल आया था कि पासपोर्ट कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा। पासपोर्ट कार्यालय इसी परिसर में चलता है। मेल किसी दक्षिणी राज्य से आया बताया। इससे पहले भी करीब 15 से 20 दिन पहले इसी तरह का धमकी भरा मेल आया था, जिस पर एजेंसियों ने जांच की थी, लेकिन उस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
उन्होंने बताया कि आज दोबारा मेल आने के बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरह से जांच-पड़ताल की है। तलाशी के बाद इस बार भी कुछ नहीं मिला।
इससे पहले मिनी सचिवालय को भी दो से तीन बार ऐसे धमकी भरे मेल मिल चुके हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। अब पोस्ट ऑफिस को दूसरी बार निशाना बनाया गया है। इस मामले में साइबर सुरक्षा भी नाकाम हो रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित