अलवर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के प्रथम चरण के तहत शनिवार को छह पंचायत समितियों की 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया।

मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, वहीं अतिरिक्त पुलिस दस्ता भी तैनात किया गया है।

प्रथम चरण में रामगढ़, कठूमर, खेडली-सौंखर, गोविंदगढ़, मुबारिकपुर और रैणी पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। कुल पांच 58 हजार 434 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें दो लाख 95 हजार 421 पुरुष दो लाख 63 हजार 10 महिला और तीन उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।

मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी, जबकि रविवार को उपसरपंच का चुनाव होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित