अलवर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में अलवर जिले में पंचायत राज चुनाव के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को सरपंच और पंच पदों के लिए हुए मतदान में बारिश के बावजूद मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया।
बारिश और खराब मौसम के बावजूद ग्रामीणों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर गांव की सरकार चुनने में भागीदारी निभाई। शाम छह बजे तक जिले की 185 ग्राम पंचायतों में कुल 82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल पांच लाख 77 हजार 518 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से चार लाख 73 हजार 543 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत में उमरैण 84.31 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। मालाखेड़ा में 84.03 प्रतिशत, थानागाजी में 83.81 प्रतिशत, लक्ष्मणगढ़ में 83.37 प्रतिशत और राजगढ़ में सबसे कम 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित