अलवर , मई 25 -- राजस्थान में अलवर जिले में नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।
सोमवार सुबह करीब चार बजे से ही गर्म हवाओं और तेज आंधी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। सूरज निकलने के साथ ही तेज धूप ने हालात और ज्यादा खराब कर दिये। सुबह से ही वातावरण में गर्मी और उमस का असर देखने को मिला, जिससे आमजन बेहाल नजर आये। नौतपा के पहले ही दिन गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी। सुबह तेज गर्म हवा ने लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी पैदा कर दी। दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान दिखाई देने लगीं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आयी। तेज धूप के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर वर्ग और दिहाड़ी काम करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। निर्माण कार्यों और खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूर तपती धूप में काम करने को मजबूर हैं। गर्म हवाओं के कारण कई मजदूर बार-बार छांव और पानी का सहारा लेते दिखाई दिये। रिक्शा चालक, ठेला संचालक और सड़क किनारे काम करने वाले लोग भी गर्मी से परेशान नजर आये।
चिकित्सकों ने भी लोगों को मध्याह्न 12 बजे से अपराह्न चार बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान तापमान में और बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है। इस दौरान लू का असर अभी अधिक रहेगा। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, सिर ढककर बाहर निकलने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गयी है।
शहर में जगह-जगह ठंडे पेय पदार्थ और जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। कई सामाजिक संगठनों की ओर से राहगीरों के लिए प्याऊ और ठंडे पानी की व्यवस्था भी शुरू कर दी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं, जिससे नौतपा के दौरान गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित