अलवर , जून 05 -- राजस्थान में अलवर के लाल डिग्गी स्थित तंवर कॉलोनी में कथित धर्मांतरण प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में गिरफ्तार दिल्ली निवासी पादरी राजकुमार धोबी को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पादरी ने करीब 15 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने की बात स्वीकार की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धर्म परिवर्तन की गतिविधियां कब से संचालित की जा रही थी और इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस ने तंवर कॉलोनी स्थित एक मकान पर कार्रवाई की थी, जहां कथित रूप से धर्मांतरण प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। मौके से पुलिस और कुछ संगठनों के लोगों को ईसाई धर्म से संबंधित धार्मिक साहित्य, प्रार्थना पुस्तिकाएं और आरोपी के मोबाइल फोन में ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से जुड़े वीडियो और संदेश मिले थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित