अलवर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में अलवर जिले में दो अलग सड़क हादसों दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि अरावली विहार थाना क्षेत्र में ढाई पैड़ी के समीप चिनार स्कूल के सामने मंगलवार देर रात स्कूटी सवार दो युवक घायल अवस्था में डिवाइडर के पास मिले। इनमें एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जयपुर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गणेश योगी के रूप में हुई है। वह कटी घाटी के समीप एक होटल में प्रबंधक के पद पर कार्यरत था जबकि घायल शुभम भी उसी होटल में काम करता था। दोनों रात में स्कूटी से निकले थे उसी दौरान ढाई पैड़ी के पास स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई।

वहीं सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम चिकानी पुलिस जांच चौकी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर जा रहे नरेश कुमार जाटव (38) की मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित