अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के विकास कार्यों में तेजी लाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई है।
बैठक की अध्यक्षता राजस्थान के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने की। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में श्री शर्मा ने कहा कि समिति की बैठकों का उद्देश्य आमजन से जुड़े अभाव-अभियोगों और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बैठक में उदयनाथ धाम में नगर वन, सोनावा डूंगरी पर श्रीराम वाटिका और सर्किट हाउस में नमोवन विकसित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कुशलगढ़ मोड़ से थैंक यू बोर्ड तक सड़क निर्माण, भर्तृहरि पुलिया निर्माण, शहर के नालों और नालियों की सफाई और सीवरेज कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की प्रगति की समीक्षा करके संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर विकास न्यास (यूआईटी) क्षेत्र में अवैध भूखंड और जमीन पर कब्जों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित