अलवर , मई 21 -- राजस्थान में अलवर के एन.ई.बी थाना क्षेत्र स्थित सानिया अस्पताल में मरीज के परिजनों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हो गया। पीड़ित महिला सुनीता ने आरोप लगाया कि उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टर से दवाई लगाने के तरीके को लेकर जानकारी मांगी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने अकड़ भरे अंदाज में बात की और विवाद बढ़ने पर उनको थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
डॉक्टर तैयब खान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वह अस्पताल में इलाज करने के लिए बैठे हैं, किसी से विवाद करने के लिए नहीं। डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने किसी महिला के साथ मारपीट नहीं की है और बेवजह अस्पताल में हंगामा किया गया।
फिलहाल पीड़ित पक्ष ने एन.ई.बी थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित