अलवर , अगस्त 13 -- राजस्थान में अलवर में वीर शहीदों की स्मृति और आमजन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से सातवीं तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया।

परशुराम सर्किल से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई शहीद स्मारक पहुंची, जहां वीर शहीदों को नमन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली परशुराम सर्किल से त्रिपोलिया, हॉप सर्कस, घंटाघर और नगर निगम के सामने से होते हुए मन्नी का बड़ पहुंची। इसके बाद रैली शहीद स्मारक पहुंची, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

शहीद स्मारक पर नमन के बाद तिरंगा वाहन रैली नंगली सर्किल होते हुए नेहरू गार्डन पहुंची। यहां स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके वीर क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही रैली का समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित