अलवर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को बुर्जा गांव में खेत के रास्ते को लेकर हुए हिंसक झगड़े में चार लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे 10 से अधिक लोग कार और एक स्कूटी से एक खेत पर पहुंचे। रास्ते को लेकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई और बहस के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले में धर्मपाल (31), नंदा (28), सीमा (27) और विपिन (20) घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्कूटी को सदर थाना पुलिस ने जब्त कर लिया है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल विपिन कश्यप ने बताया कि 12 बिस्वा खेत उनके नाम दर्ज हैं। आरोपी रामू, अजीराम और तोताराम खेत से रास्ता मांग रहे थे। पीड़ित पक्ष ने तीन फुट का रास्ता दे भी दिया, लेकिन आरोपी 13 फुट चौड़ा रास्ता लेने और जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दबाव बना रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित