अलवर , मई 27 -- राजस्थान में अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय महाविद्यालय में लगातार बढ़ती अव्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर बुधवार को विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विजय यादव के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज का मुख्य द्वार बंद करके प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। यहां तक कि आत्मदाह जैसा कदम उठाने को भी मजबूर होंगे। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की परीक्षाओं में बैक आने के बावजूद जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में पीने के पानी, साफ-सफाई और बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। पुस्तकालय में नए संस्करण की पुस्तकें नहीं होने और विद्यार्थियों को समय पर किताबें वितरित नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाया गया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक केवल हस्ताक्षर करने कॉलेज आते हैं और नियमित पढ़ाई नहीं करवाते, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं छात्रावास शुरू नहीं किए जाने पर भी छात्रों ने प्रशासन को घेरा।
वही इस मामले में कॉलेज के प्राचार्य अशोक आर्य ने बताया यह मांगे समय अनुसार पूरी की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित