अलवर , सितम्बर 15 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में मोती नगर में मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों की कार से कुचलकर कथित हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

तीनों आरोपियों अमित, महेश और तन्मय को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि वारदात में उनकी भूमिका और पहले से उनकी क्या तैयारी के बारे में पूछताछ की जायेगी। वारदात के योजनाबद्ध होने की आशंका को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच के लिए तीन वरिष्ठ अधिकारियों और पांच थानाधिकारियों की निगरानी में आठ विशेष दल गठित किये गये थे, जिन्होंने लगातार दबिश देकर आरोपियों तक पहुंच बनायी।

मामला काली मोरी स्थित मोती नगर नाले के पास का है, जहां तेज रफ्तार कार ने मोटर साइकिल पर सवार तीन दोस्तों हिमांशु शर्मा, युवराज उर्फ युवी सैनी और जितेंद्र उर्फ छोटू राजपूत को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी थी। घटना के बाद परिजनों ने इसे सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या की वारदात बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित