अलवर , जून 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल डीएसटी (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राठी मार्केट स्थित एटीएम चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करके अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया क्षतिग्रस्त एटीएम, एक आयशर ट्रैक्टर और एक सीटी-100 मोटरसाइकिल जब्त की है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बुधवार को बताया कि 17 को रात में अज्ञात बदमाश उद्योग नगर थाना क्षेत्र के राठी मार्केट स्थित एटीएम मशीन को उखाड़कर ले गये थे। एटीएम में उस समय करीब चार लाख 92 हजार 500 रुपये नकद मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार विशेष दल गठित किये जिन्होंने राजस्थान और हरियाणा के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय आसूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगा लिया।
श्री चौधरी ने बताया कि जांच के बाद हम्बीर सिंह जाट (42 ) और कमलेश कुमार मीणा (36) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले स्थानीय अपराधियों से क्षेत्र और लक्ष्य की पहचान करवाते थे, लेकिन उन्हें घटना में शामिल नहीं करते थे। इससे पुलिस को स्थानीय स्तर पर सुराग मिलने की संभावना कम हो जाती थी।
आरोपियों ने कार की मदद से एटीएम मशीन को रस्सियों के सहारे खींचकर उखाड़ा और फिर उसी वाहन में डालकर मौके से फरार हो गए। बाद में एटीएम को क्षतिग्रस्त करके उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कुख्यात बदमाश हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित