अलवर , जुलाई 14 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अलवर में अरावली विहार थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी (अलवर प्रथम) में शिकायत की थी कि उसके बेटे के खिलाफ अरावली विहार थाने में दर्ज एक मामले की जांच कर रहे एएसआई शंकर लाल शर्मा उसके बेटे का नाम निकालने, मारपीट नहीं करने और मामले में मदद करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शर्मा सोमवार को खुद परिवादी के घर पहुंचा और वहां से पांच हजार रुपये लेकर गया और शेष 20 हजार रुपये शाम तक देने का दबाव बनाया।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद सत्यापन में आरोपी ने 10 हजार रुपये और ले लिये। इसके बाद एसीबी की अलवर चौकी प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक शब्बीर खान नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर शर्मा को परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोंच लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित