अलवर , अगस्त 10 -- राजस्थान में अलवर के राजकीय राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब करीब 60 सफाई कर्मचारियों ने एक महीने का वेतन नहीं मिलने के विरोध में सफाई कार्य बंद कर दिया।
कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे पूरे महीने अस्पताल में नियमित रूप से काम करते रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिला। कर्मचारियों के अनुसार हर महीने सात तारीख तक वेतन उनके खाते में आ जाता है, लेकिन 10 अगस्त होने के बावजूद अब तक वेतन नहीं दिया गया है। वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल में सफाई का काम रोक दिया। इसके चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गयी और कई जगह गंदगी दिखाई देने लगी। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल जैसी जगह पर सफाई व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने काम बंद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों और ठेकेदार के सुपरवाइजर के बीच वेतन को लेकर नोकझोंक भी हो गई। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गयी। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन उनके वेतन को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा।
कर्मचारियों ने मांग की कि ठेकेदार द्वारा जल्द से जल्द एक महीने का बकाया वेतन जारी किया जाये, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित