अलवर , सितम्बर 09 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम चुनाव के लिए मतदान के बीच अलवर के वार्ड नंबर 43 के सूर्य नगर में मारपीट का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो युवकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके समर्थकों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में दोनों युवक घायल हुए हैं। एक युवक के सिर में गंभीर चोट आयी है, जिसके करीब 15 टांके लगाये गये हैं, जबकि दूसरे युवक के चेहरे पर भी चोटें आयी हैं।

पीड़ित लोकेश ने बताया कि वह अपने साथी मोहित के साथ वार्ड नंबर 43 में घूम रहा था। दोनों निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से मतदान प्रक्रिया पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोकेश ने आरोप लगाया कि एक दल के प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल ले जाया गया। पीड़ितों ने कहा कि उपचार कराने के बाद अब मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित