अलवर , अगस्त 27 -- राजस्थान में अलवर के केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में 44 वर्षीय कनाडाई नागरिक रणदीप की बुधवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। रणदीप को वीजा अवधि समाप्त होने और समय सीमा से अधिक रुकने के मामले में जयपुर पुलिस ने हिरासत में लिया था। विदेशी नागरिक होने के कारण बाद में उसे अलवर के डिटेंशन सेंटर भेजा गया था।
मौत की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रणदीप को डायरिया और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। डिटेंशन सेंटर के अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा था और जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भी चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करायी गयी थी। बुधवार को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार रणदीप भारत घूमने आया था और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद उसे विदेशी पंजीकरण कार्यालय (एफआरओ) द्वारा हिरासत में लिया गया था। इसके बाद वह जयपुर जेल में रहा। परिजनों का कहना है कि उसके जाने का स्वीकृति पत्र भी जारी हो चुका था और 21 जून को जयपुर हवाई अड्डे से विदेश जाने की फ्लाइट बुक करायी गयी थी, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण एयरलाइन ने उसे विमान में ले जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद उसे अलवर डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
उसकी मौत के बाद पुलिस ने मृतक के रिश्तेदारों को सूचना दी और कनाडा उच्चायोग से आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया पूरी की। न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित