अलवर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) संजय शर्मा एवं नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल ने रविवार को सात फरवरी को 2027 को आयोजित होने वाली अलवर टाइगर मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया।
इस दौरान नगर परिषद भिवाडी की सभापति गुंजन खटाना ने अलवर टाइगर मैराथन का वीडियो जारी किया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर के चहुंमुखी विकास को निरन्तर गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले एवं उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती मिल सके, इस उद्देश्य से जिले के चहुंमुखी विकास के साथ-साथ 100 से अधिक ई-पुस्तकालयों की स्थापना करके शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सौगात दी है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल मंच मिलने के साथ उनको अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के लिये अलवर सांसद खेल उत्सव शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की अलवर टाइगर मैराथन में 22 हजार से अधिक धावकों ने शिरकत की, जिससे अलवर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकी। श्री शर्मा ने कहा कि सात फरवरी 2027 को अलवर टाइगर मैराथन का आयोजन होगा इसके लिए लिए आज टाइगर मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई, जिसमें अधिक से अधिक युवा शामिल होकर इसे सफल बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन के अवसर पर राजस्थान वन विभाग की ओर से छह फरवरी 2027 को अलवर पक्षी महोत्सव का आयोजन करने की घोषणा करते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा जयपुर टाइगर उत्सव की तर्ज पर 6 से 8 फरवरी तक अलवर टाइगर उत्सव मनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित