अलवर , जुलाई 31 -- राजस्थान में अलवर के केंद्रीय कारागृह के अंदर का वीडियो बनाकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले कुख्यात अपराधी फिरोज खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ अलवर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, रंगदारी, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं सहित 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह वैशाली नगर थाने का कुख्यात अपराधी है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी शुक्रवार को बताया कि 23 जुलाई को एक इंस्टाग्राम वीडियो सामने आया, जिसमें केंद्रीय कारागृह अलवर का वीडियो वायरल किया गया था। जांच में यह वीडियो आरोपी फिरोज खान की इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड होना पाया गया। जेल परिसर में मोबाइल और कैमरे जैसी प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग कारागृह अधिनियम का उल्लंघन है। इस संबंध में केंद्रीय कारागृह के जेल अधीक्षक की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया। दल ने तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया विश्लेषण के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जेल परिसर के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास जेल के भीतर मोबाइल या वीडियो कैसे पहुंचा और इस पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित