अलवर , जून 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में रामनगर गुवाडा में शुक्रवार देर रात अज्ञात शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने का मामला सामने आया है।
शिकार की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए शिकारियों को मौके पर ही दबोचने का प्रयास किया। ग्रामीणों की भीड़ को देख शिकारी मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़कर अंधेंरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस घटना को लेकर वन विभाग को सूचना दी गयी। इस पर वन अधिकारी राहुल फौजदार दल के साथ मौके पर पहुंचे। श्री फौजदार ने बताया कि अज्ञात शिकारी मोर के शिकार के बाद ग्रामीणों के आने पर अपनी मोटर साइकिल छोड़कर फरार हो गये। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज करा दिया गया है। मोटर साइकिल के नम्बर के आधार पर मालिक की तलाश की जा रही है।
राष्ट्रीय पक्षी के शिकार की इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित