अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जंक्शन पर आये अंधड़ के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच की छत का ढक्कन अचानक खुल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस रात करीब आठ बजे अलवर जंक्शन पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के सी-2 कोच में सफर कर रहे यात्रियों ने अचानक ऊपर से तेज आवाज सुनी। उन्होंने देखा कि कोच की छत पर लगा ढक्कन खुल गया है। घटना के बाद यात्रियों में खलबली मच गई।

यात्रियों ने बताया कि तेज गर्मी से अंदर बने दबाव और अचानक आए तेज अंधड़ के कारण कोच की ऊपरी छत का ढक्कन खुल गया। यह घटना ट्रेन के तेज रफ्तार में होने के दौरान होती तो बड़ा हादसा हो सकता था और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।

मामले की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। काफी देर तक कोच को ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन ढक्कन पूरी तरह से सही नहीं हो पाया। इसके बावजूद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित