अलवर , जून 21 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि अलवर को विश्व मानचित्र पर स्थापित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, इसी क्रम में बाघ मैराथन का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा।

श्री यादव ने रविवार को राजस्थान में अलवर में कहा कि बाघ मैराथन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार और सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इससे पहले श्री यादव और राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने अलवर के भाखेड़ा एनीकट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने सरिस्का, जल संरक्षण और पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

श्री यादव ने बताया कि अलवर के 20 प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की तस्वीरों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित करके जिले की पहचान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की योजना है। उन्होंने कहा कि 28 जून को सरिस्का बाघ अभयारण्य में बाघ पुनर्वास परियोजना के 18 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके दो वर्ष बाद, परियोजना के 20 वर्ष पूर्ण होने पर और भी भव्य आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरिस्का क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए एनीकटों का निर्माण लगातार किया जा रहा है। सरिस्का से जुड़े मामलों में उच्चतम न्यायालय जो भी निर्णय देगा, उसका पूर्ण सम्मान करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण के हित में कार्य किये जाएंगे।

इस अवसर पर राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि भाखेड़ा एनीकट जैसे विकास कार्यों से जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वन क्षेत्र सुरक्षित होंगे और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा होगी और शहरवासियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित