अलवर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में अलवर में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने गुरूवार को अलवर के डी-ब्लॉक बुध विहार में राज्य की पहली हाईटेक पार्क लाइब्रेरी 'विद्या कुंज' सूर्य नगर में अलवर दर्शन पार्क और इंदिरा गांधी स्टेडियम में कुश्ती हॉल का शुभारम्भ करके आमजन को समर्पित किया।

केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अलवर को मिली सौगातों पर बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार होने से विकास की रफ्तार दुगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से किए जा रहे विकास कार्यों से अलवर जिला चहुंमुखी विकास की ओर तेजी से आगे बढ रहा है। अलवर को राज्य की पहली पार्क लाइब्रेरी के रूप में सौगात देकर वन राज्यमंत्री, जिला प्रशासन, यूआईटी ने सार्थक कार्य किया है। इस पार्क लाइब्रेरी से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बल मिलेगा। आमजन के जुड़ाव के लिए पुस्तक दान का कदम सराहनीय है।

श्री यादव ने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के शहरी, ग्रामीण क्षेत्र के सभी युवाओं एवं हर वर्ग के व्यक्तियों को परम्परागत एवं आधुनिक डिजिटल शिक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से अलवर संसदीय क्षेत्र में 133 ई-गुरूकुल (ई-लाइब्रेरी) बनवाई गई हैं, जिनको यथाशीघ्र लोकार्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जिस प्रकार से सार्थक प्रयास हुए है, जिसमें प्रशासन से लेकर पार्षद, सफाई कर्मचारी एवं नागरिकों की सहभागिता से अलवर शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।

श्री यादव ने कुश्ती हॉल के शुभारम्भ के अवसर पर कुश्ती के 10 बालक वर्ग और 10 बालिका वर्ग में श्रेष्ठ खिलाडियों को तीन वर्ष तक स्कॉलरशिप देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह स्कॉलरशिप कुश्ती के श्रेष्ठ खिलाडियों को आगे बढ़ाने एवं उन्हें अपने खेल पर पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल बिग केट अलाइंस का नई दिल्ली में सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसमें 95 देश की सहभागिता रहेगी। उनका प्रयास है कि इन सभी देशों के प्रतिनिधि सरिस्का में आएं।

इससे पहले वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव को अलवर विधानसभा क्षेत्र में दो वर्ष के दौरान कराए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका भेंट की, जिस पर श्री यादव ने कहा कि इस प्रकार सभी विधायकों को अपने विकास कार्यों की पुस्तिका प्रकाशित करके आमजन को उपलब्ध करानी चाहिए।

इस अवसर पर राजस्थान के वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एवं अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव के कुशल मार्गदर्शन में अलवर तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री की प्रेरणा से ही पार्क लाइब्रेरी जैसे कई नवाचार किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित