अलवर , सितम्बर 15 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत नगर निगम अलवर के महापौर पद के लिए नामांकन पत्र बुधवार को अपराह्न तीन बजे तक भरे जा सकेंगे।

नगर निगम अलवर के निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर अम्बालाल मीणा ने बताया कि महापौर प्रत्याशी एवं निर्वाचित सदस्य जो प्रस्तावक होगा, उसे नामांकन भरने से पूर्व निर्वाचन की शपथ ग्रहण करना और निर्वाचन प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि नामांकन बुधवार को दोपहर तीन बजे तक ही भरे जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि अलवर नगर निगम महापौर पद सामान्य महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित है, अतः नामांकन फार्म केवल महिला प्रत्याशी ही दे सकती है। जिसके लिए एक निर्वाचित पार्षद प्रस्तावक होगा।

श्री मीणा ने बताया कि 15 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि की रसीद लगानी होगी। उन्होंने बताया कि पहले शपथ ग्रहण और निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। इसके अतिरिक्त सारी औपचारिकताएं पार्षद नामांकन की तरह ही हैं।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र प्रारूप 3ए में भरा जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित