अलवर , मार्च 16 -- राजस्थान में अलवर जिला प्रशासन और जिला पुलिस के संयुक्त दल ने सोमवार को केंद्रीय कारागृह अलवर का औचक निरीक्षण किया।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार केंद्रीय कारागृह अलवर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम शहर माधव भारद्वाज और वृत्ताधिकारी शहर अंगद शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त दल ने जेल परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेल में कैदियों को बैरकों से बाहर खड़ा करके बैरकों और परिसर की गहन तलाशी ली गई। करीब चार घंटे तक चले तलाशी अभियान में पुलिस ने जेल के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। हालांकि तलाशी के दौरान कोई भी प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित