अलवर , अगस्त 01 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम की सफाई व्यवस्था शनिवार को उस समय चरमरा गई जब अंबेडकर नगर स्थित कचरागाह पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और सहायक हड़ताल पर बैठ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मचारियों ने ठेकेदार पर कम वेतन, मनमानी और श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया। इसके चलते घर घर कचरा संग्रहण पूरी तरह प्रभावित रहा और शहर के कई इलाकों में कचरा नहीं उठ सका।
हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि अधिकारी जिम्मेदारी ठेकेदार पर डालते हैं और ठेकेदार अधिकारियों पर, जिसके कारण श्रमिकों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक वे काम पर काम पर नहीं लौटेंगे।
वहीं ठेकेदार ने कर्मचारियों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वेतन समय पर दिया जा रहा है। एक कर्मचारी को हटाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो शहर में कचरे के ढेर लगने की आशंका बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित