अलवर , जुलाई 30 -- राजस्थान में अलवर शहर की जर्जर सड़कों और बारिश के बाद इन पर बने जानलेवा गड्ढों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
अलवर कांग्रेस अध्यक्ष रमन सैनी और अंकित गोयल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सीमेंट एवं रोड़ी भरकर अग्रसेन चौराहे पहुंचे और सड़क पर बने गहरे गड्ढों को खुद भरना शुरू कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अलवर सांसद भूपेंद्र यादव और विधायक एवं मंत्री संजय शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर की सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। बारिश के कारण गड्ढे और गहरे हो गए हैं, जिससे आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अब तक मरम्मत नहीं करा पाया है।
श्री गोयल ने आरोप लगाया कि शहर की प्रमुख सड़कों पर 500 से अधिक बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनसे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फिलहाल प्रतीकात्मक रूप से गड्ढे भरे हैं, लेकिन अगले 15 दिनों में शहर की सड़कें दुरुस्त नहीं की गयीं तो संबंधित एजेंसियों के कार्यालयों पर ताला लगाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन केवल दावे कर रहा है, जबकि हकीकत यह है कि बारिश के दिनों में सड़कें जानलेवा बन चुकी हैं। गहरे गड्ढों में वाहन फंसने और लोगों के गिरकर घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित